Next Story
Newszop

जूनियर पुरुष हॉकी चैम्पियनशिप के दूसरे दिन डिवीजन 'सी' में केरल, पुडुचेरी, छत्तीसगढ़ और गोआन्स की जीत

Send Push

– चंडीगढ़, उत्तराखंड और दिल्ली ने डिवीजन ‘बी’ में मारी बाजी

जालंधर, 13 अगस्त (Udaipur Kiran) । 15वें हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले खेले गए। डिवीजन ‘सी’ में केरल हॉकी, ले पुडुचेरी हॉकी, छत्तीसगढ़ हॉकी और गोआन्स हॉकी ने जीत हासिल की। वहीं डिवीजन ‘बी’ में हॉकी चंडीगढ़, हॉकी उत्तराखंड और दिल्ली ने अपने-अपने मुकाबले जीते।

डिवीजन ‘सी’ के मुकाबलेः

पहले मैच में केरल हॉकी ने तेलंगाना हॉकी को 8-3 से हराया। कप्तान मुहम्मद कैफ (14’, 57’) और आदित्य कुमार (17’, 28’) ने दो-दो गोल किए। अक्षय अनिल (14’), शालिक के एस (21’), रोहित कुशवाहा (22’) और अर्जुन कृष्णा एम एल (53’) ने भी गोल दागे। तेलंगाना की ओर से प्रदीप कोदापा (3’, 29’) और अग्गु मनोज (30’) ने गोल किए।

दूसरे मैच में ले पुडुचेरी हॉकी ने त्रिपुरा हॉकी को 4-0 से मात दी। कप्तान कीर्तिवासन (28’, 59’) ने दो गोल किए, जबकि इलामरन (24’) और माधवन (34’) ने एक-एक गोल दागा।

छत्तीसगढ़ हॉकी ने हॉकी गुजरात को 13-0 से पराजित किया। मोहित नायक (6’, 10’, 28’, 30’, 31’, 33’) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह गोल किए। ओम कुमार यादव (36’, 55’, 57’), करण कुमार साहू (13’, 38’), कप्तान आनंद कुमार सुर्यवंशी (18’) और अविनाश एक्का (58’) ने भी गोल जोड़े।

गोआन्स हॉकी ने हॉकी राज को 4-2 से हराया। कृष्ण श्याम गाऊंकर (3’, 47’) और तुषार शर्मा (23’, 57’) ने दो-दो गोल किए, जबकि हॉकी राज की ओर से मनवेन्द्र गुर्जर (31’) और मोहम्मद उबैद रज़ा (41’) ने गोल दागे।

डिवीजन ‘बी’ के मुकाबलेः

हॉकी चंडीगढ़ ने हॉकी जम्मू-कश्मीर को 7-2 से हराया। सतनाम सिंह (22’, 26’, 28’, 36’, 47’) ने पांच गोल दागे। धीरज (10’) और मोहम्मद जईद (15’) ने भी स्कोर किया। जम्मू-कश्मीर के कप्तान राजवीर सिंह (49’, 58’) ने दोनों गोल किए।

हॉकी उत्तराखंड ने बिहार हॉकी संघ को 3-1 से मात दी। महेंद्र सिंह बिष्ट (32’, 36’, 40’) ने हैट्रिक लगाई, जबकि नंदलाल शाह (9’) ने बिहार के लिए गोल किया।

वहीं दिन के आखिरी मुकाबले में दिल्ली ने हॉकी बंगाल को 1-0 से हराकर अपनी जीत का क्रम बरकरार रखा। युवराज सिंह (40’) ने पेनल्टी कॉर्नर पर निर्णायक गोल किया।

—————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Loving Newspoint? Download the app now