नई दिल्ली, 25 जुलाई (Udaipur Kiran) । दिल्ली सरकार के तीन दिवसीय तीज महोत्सव 2025 का शुभारंभ शुक्रवार को दिल्ली हाट पीतमपुरा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कला, संस्कृति, भाषा व पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। यह महोत्सव आज से 27 जुलाई तक चलेगा और राजधानी की सांस्कृतिक पहचान, महिला भागीदारी और लोक परंपराओं का उत्सव बनकर उभरा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान की महिला सांसद भी रहीं। मुख्यमंत्री ने दिल्ली में इस तीज उत्सव पर महिला सांसदों के आने पर उनका आभार जताया और कहा कि संसद चल रही है और मेरी सांसद बहनें यहां आईं, यह मेरे लिए बहुत खुशी की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला मोर्चा की मेरी बहनों और मेरी सांसद बहनों ने इस कार्यक्रम में आकर, पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित इस आयोजन में चार चांद लगा दिए।
मुख्यमंत्री अपने उद्घाटन संबोधन में कहा कि तीज केवल पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि महिला गरिमा, सामुदायिक सहभागिता और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने दिल्ली की महिलाओं से आग्रह किया कि वे इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लें और इसे एक सांस्कृतिक आंदोलन का रूप दें।
इस अवसर पर मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि तीज महोत्सव को केवल सांस्कृतिक नहीं, बल्कि रचनात्मकता, उद्यमिता और सामूहिक गौरव का उत्सव बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है ताकि हर वर्ग की महिला इसमें भाग ले सके। मंत्री ने कहा कि दिल्ली अब केवल प्रशासनिक राजधानी नहीं, बल्कि सांस्कृतिक राजधानी बनने की दिशा में अग्रसर है, और ऐसे महोत्सव इसकी मिसाल हैं।
महोत्सव के दौरान 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें से 80 स्टॉल पारंपरिक हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों को समर्पित हैं, जबकि 25 स्टॉल विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों की विविधता को प्रस्तुत कर रहे हैं। महिला उद्यमियों द्वारा संचालित स्टॉल्स पर विशेष छूट भी दी जा रही है, जिससे महिला स्वावलंबन को प्रोत्साहन मिले।
तीज के पारंपरिक रंगों को आधुनिक स्वरूप देने को इस महोत्सव में मेहंदी प्रतियोगिता, बिंदी सजावट, रंगोली, सेल्फी पॉइंट्स, पारंपरिक झूले, तथा बच्चों के लिए किड्स ज़ोन जैसी विशेष गतिविधियां शामिल की गई हैं। किड्स ज़ोन में स्टोरी टेलिंग, मैजिक शो, और रचनात्मक खेलों का आयोजन किया जा रहा है ताकि पूरा परिवार महोत्सव का आनंद ले सके।
इसके अतिरिक्त तीज क्विज प्रतियोगिता और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रथम पुरस्कार 3000, द्वितीय 2000 और तृतीय 1500 रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य महिलाओं और युवाओं की रचनात्मक भागीदारी को मंच प्रदान करना है।
महोत्सव को व्यापक जनमानस तक पहुंचाने के लिए ‘बुक माय शो’ जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और लोकप्रिय महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इससे दिल्ली की सांस्कृतिक ऊर्जा को डिजिटल स्पेस में भी उजागर किया जा सकेगा।
इस आयोजन की तैयारियों के लिए मंत्री कपिल मिश्रा ने दिल्ली सचिवालय में विभिन्न बैठकें आयोजित कीं, जिनमें भाजपा महिला मोर्चा, महिला संगठनों, चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही। इन बैठकों में तीज महोत्सव को अधिक समावेशी, सुलभ और आकर्षक बनाने के लिए कई रचनात्मक सुझाव लिए गए।
—————
(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव
You may also like
जिस दरोगा से थी इंसाफ की उम्मीद, वही देने लगा धमकी... बंदूक से सीने में गोली मारकर व्यापारी ने दी जान
बढ़ेगी अपर बॉडी एनर्जी, पर्सनल ट्रेनर ने बतायी 3 सबसे असरदार एक्सरसाइज, आजमा कर जरूर देखें
प्रियंका चोपड़ा ने चखाया गोरी मैडम को मजा, 43 की उम्र में लगीं झक्कास, गाउन तो कभी स्कर्ट पहनकर मार गईं टशन
पंजाबियों की छवि खराब कर रहीं... नशे को लेकर कंगना रनौत के बयान पर बवाल, पंजाब के नेताओं ने सुना दिया
TMC ऑफिस ले गए, निर्वस्त्र किया, फिर… मालदा की BJP महिला नेता ने लगा दिए तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर बड़े आरोप