Next Story
Newszop

अवैध संबंध के शक में शख्स ने की लिव-इन-पार्टनर की हत्या, मर्डर से पहले दोस्तों संग की थी पार्टी

Send Push

राजधानी दिल्ली में एक बार फिर हत्या का मामला सामने आया है। यहां दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के मुनिरका इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी लिव-इन-पार्टनर की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि व्यक्ति को अपनी लिव-इन पार्टनर पर किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का संदेह था। पुलिस ने शनिवार को घटना की जानकारी दी। आरोपी मणिपुर का निवासी बताया जा रहा है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि हत्या से पहले आरोपी ने अपने लिव-इन-पार्टनर और तीन अन्य दोस्तों के साथ पार्टी की थी।

पार्टी में पांच लोग शामिल हुए

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "8 अप्रैल को दोपहर करीब 1:57 बजे पीसीआर को मुनिरका के क्रांति चौक पर एक मेडिकल स्टोर के पास एक शव के बारे में सूचना मिली। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और एक इमारत की पांचवीं मंजिल पर एक कमरे के अंदर एक महिला का शव पड़ा हुआ पाया।" पुलिस ने बताया कि सोमवार रात दोनों ने मिलकर एक पार्टी का आयोजन किया था। इस पार्टी में तीन अन्य लोग भी शामिल हुए। तीनों की पहचान कप्गौलाल, नेमनेथेम और किमनेथेम के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी की पहचान मणिपुर के सेनापति जिले के जगमिनथांग और मृतक महिला की पहचान मणिपुर के चुराचांदपुर की लाहिंग जनेंग के रूप में हुई है।

शरीर पर चोट के निशान पाए गए

पुलिस ने बताया कि घटना वाली रात सभी ने एक साथ पार्टी की थी और बाकी तीन लोग आधी रात को वापस चले गए थे। इसके बाद आरोपी ने महिला का किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने के संदेह में उसकी हत्या कर दी। मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए। महिला का पोस्टमार्टम सफदरजंग अस्पताल में किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण शरीर पर संभावित हमला बताया गया है। पुलिस ने पार्टी में शामिल हुए अन्य लोगों से भी पूछताछ की। इस पर उन्होंने बताया कि दो दिन पहले महिला पर हमला हुआ था और उसे धमकी भी दी गई थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले तो पुलिस को गुमराह किया, लेकिन बाद में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।

Loving Newspoint? Download the app now