भारत में सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहनों की अहम भूमिका होती है और इनमें से अधिकतर मामले सुरक्षा सुविधाओं से जुड़े होते हैं। ऐसे में अब भारत में सभी दोपहिया वाहनों में ABS यानी एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम अनिवार्य होगा। सरकार इसे 1 जनवरी 2026 से लागू करने पर विचार कर रही है। इसका उद्देश्य मोटरसाइकिल और स्कूटर से होने वाली दुर्घटनाओं को कम करना है। इससे सुरक्षा बढ़ेगी, लेकिन दोपहिया वाहनों की कीमतें भी बढ़ सकती हैं। सरकार का कहना है कि लोगों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है।
सरकारी अधिसूचना जल्दसड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय जल्द ही इस संबंध में अधिसूचना जारी कर सकता है। दरअसल, मोटरसाइकिल और स्कूटर से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। अभी तक ABS केवल 150cc से ऊपर के मॉडल में ही अनिवार्य था, लेकिन अब इसे सभी दोपहिया वाहनों के लिए अनिवार्य किया जाएगा। इसमें एंट्री-लेवल वेरिएंट भी शामिल हैं। एंट्री-लेवल दोपहिया वाहनों की कुल बाजार हिस्सेदारी में करीब 75 फीसदी हिस्सेदारी है। सरकार का कहना है कि ABS को अनिवार्य करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
जानें ABS के फायदेआपको बता दें कि ABS एक ऐसा सिस्टम है जो अचानक ब्रेक लगाने पर पहियों को लॉक होने से रोकता है. इससे वाहन के स्किड होने और दुर्घटना होने की संभावना कम हो जाती है. दरअसल, जब आप अचानक या जोर से ब्रेक लगाते हैं, खासकर गीली सड़कों या बजरी जैसी फिसलन वाली सतहों पर, तो ABS के बिना पहिए लॉक हो सकते हैं. जब पहिए लॉक हो जाते हैं, तो वाहन को नियंत्रित करना बहुत मुश्किल हो जाता है. ABS इस स्थिति को रोकने का काम करता है. इसमें हर पहिए पर स्पीड सेंसर लगे होते हैं, जो लगातार पहिए की गति पर नज़र रखते हैं. सीधे शब्दों में कहें तो ABS ब्रेक लगाने पर पहियों को लॉक होने से रोकता है, जिससे आप वाहन को नियंत्रित कर सकते हैं.
भारत में सस्ते स्कूटर-मोटरसाइकिल की बिक्री ज़्यादाइन सबके बीच आपको एक और अहम बात बता दें कि सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, साल 2022 में भारत में 151,997 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें से करीब 20 फीसदी दुर्घटनाएं दोपहिया वाहनों की वजह से हुईं. वहीं, दोपहिया वाहनों की बिक्री के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले वित्त वर्ष 2025 में घरेलू बिक्री में 75 सीसी से 125 सीसी इंजन वाले मोटरसाइकिल मॉडल की हिस्सेदारी दो तिहाई रही। पिछले वित्त वर्ष में मोटरसाइकिल की बिक्री 4.6 फीसदी बढ़कर 9.26 मिलियन हो गई। इसी अवधि में स्कूटर की बिक्री 17 फीसदी बढ़कर 6.85 मिलियन यूनिट हो गई। कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि ABS को अनिवार्य बनाने वाला नियम उन लोगों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है जो रोजाना दोपहिया वाहन चलाते हैं। ABS होने से आपको सड़क पर सुरक्षित रहने में मदद मिलेगी।