वॉशिंगटन। भारत और अमेरिका के बीच जल्दी ही व्यापार समझौता होगा। ये जानकारी अमेरिका के वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक ने सोमवार को वॉशिंगटन में अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी मंच पर दी। हॉवर्ड लुटनिक ने भारत की जमकर तारीफ की। उन्होंने खुद को भारत का बड़ा प्रशंसक बताया और कहा कि ये भारत सरकार के लोग भी जानते हैं। लुटनिक ने बताया कि उनके सबसे अच्छे दोस्तों में भारतीय निकेश अरोड़ा भी हैं। हॉवर्ड लुटनिक ने कहा कि जब वो भारत जाते, हाउस पार्टी करते, क्रिकेट खेलते और बहुत मजा करते थे। उन्होंने भारत जाने को खास अनुभव भी बताया।
अमेरिका के वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक ने भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते के बारे में कहा कि जो देश जल्दी कदम उठाते हैं उनको बेहतर सौदा मिलता है। लुटनिक ने कहा कि भारत भी तेजी से व्यापार समझौते की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले इस तरह का समझौता होने में दो से तीन साल लग जाते थे, लेकिन हम इसे एक महीने में पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत को ऐसा रास्ता मिल गया है जो दोनों देशों के लिए फायदे का सौदा है। अमेरिका के वाणिज्य सचिव ने कहा कि भारत से होने वाला व्यापार समझौता दो देशों के बीच सामान्य व्यापार प्रक्रिया से अलग होगा।
अमेरिका के विदेश सचिव हॉवर्ड लुटनिक ने पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की जमकर तारीफ की। लुटनिक ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच मजबूत राजनीतिक रिश्ता है। इसकी वजह से व्यापार संबंधी बातचीत आसान होती है। क्योंकि माहौल पहले से ही सकारात्मक होता है। लुटनिक ने कहा कि अमेरिका के मौजूदा प्रशासन में ट्रंप ऐसे नेता हैं जिनको अमेरिका की पूरी जनता ने चुना है। ठीक उसी तरह जैसे भारत में पीएम मोदी को पूरे देश ने जनादेश दिया है। लुटनिक ने कहा कि ऐसे नेता दुनिया में बहुत कम हैं, जिनको जनता ने इतने ज्यादा वोट देकर चुना हो।
The post appeared first on .