Next Story
Newszop

चीन ने जापानी सीफूड पर दो साल पुराना प्रतिबंध हटाया, फुकुशिमा विवाद पर भी राहत!

Send Push

चीन ने सुनामी से नष्ट हुए फुकुशिमा परमाणु ऊर्जा संयंत्र से थोड़ी मात्रा में रेडियोधर्मी अपशिष्ट जल छोड़े जाने को लेकर लगभग दो साल के प्रतिबंध के बाद जापान से सीफूड के आयात पर प्रतिबंध हटा लिया है।

सीमा शुल्क एजेंसी की ओर से जारी एक नोटिस में कहा गया है कि रविवार को प्रतिबंध हटा लिया गया है और जापान के अधिकतर हिस्सों से आयात फिर से शुरू हो जाएगा।

अगस्त 2023 में लगाया गया यह प्रतिबंध जापान के मत्स्य उद्योग के लिए बड़ा झटका था। जापानी सीफूड के लिए सबसे बड़ा विदेशी बाजार चीन का है। जापान अपने सीफूड का 20 फीसदी से अधिक हिस्सा चीन को निर्यात करता है।

फुकुशिमा स्थित परमाणु संयंत्र 2011 में एक भूकंप के बाद आई भीषण सुनामी से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। कई वर्षों की बहस के बाद, परमाणु ऊर्जा संयंत्र कंपनी को सरकार से यह अनुमति मिल गई कि वह इस अपशिष्ट जल को समुद्र में धीरे-धीरे छोड़े, बशर्ते कि पहले इसे शोधित कर लिया जाए ताकि अधिकतर रेडियोधर्मी तत्वों को हटा दिया जाए।

चीन ने इससे असहमति जतायी थी और यह कहते हुए सीफूड के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया था कि रेडियोधर्मी जल को समुद्र में छोड़े जाने से मत्स्य उद्योग और तटीय समुदाय खतरे में आ जाएगा।

बहरहाल, जापान के 47 में से 10 प्रांतों के सीफूड पर प्रतिबंध जारी रहेगा। इनमें फुकुशिमा और उसके आसपास के प्रांत भी शामिल हैं।

Loving Newspoint? Download the app now